ब्रिटेन की नागरिकता और पासपोर्ट हाथ में आते ही आईपीएल के पूर्व कमिश्नर भगोड़ा ललित मोदी ने लंदन में बैठकर भारत सरकार और हमारी जांच एजेंसियों के मुंह पर ऐसा तमाचा जड़ा है, जिसकी गूंज दिल्ली के सत्ता के गलियारों में सन्नाटा पसार रही है। पिछले 12 सालों से रैलियों और टीवी स्टूडियो में छाती ठोककर यह दावा किया जा रहा था कि भगोड़ों को पाताल से भी खींचकर लाएंगे, लेकिन अब खुद ललित मोदी ने आधिकारिक बयान जारी कर मोदी सरकार के इस पूरे प्रत्यर्पण नाटक की हवा निकाल दी है। ललित मोदी ने डंके की चोट पर खुलासा किया है कि—पिछले 16 साल से ज्यादा के समय में भारत की किसी भी अदालत में मेरे खिलाफ एक भी चार्जशीट (आरोपपत्र) दाखिल नहीं की गई है और न ही किसी भारतीय कोर्ट में मेरे खिलाफ कोई क्रिमिनल केस शुरू किया गया है!
जरा ठहरकर इस बयान की गंभीरता और इसके पीछे छिपे सरकारी पाखंड को समझिए। साल 2010 में जब ललित मोदी देश छोड़कर भागे थे, तब उन पर मनी लॉन्ड्रिंग, फेमा (FEMA) उल्लंघन और सैकड़ों करोड़ की वित्तीय हेराफेरी के आरोप लगे थे। 2014 में जब नरेंद्र मोदी की सरकार सत्ता में आई, तो देश को यह भरोसा दिलाया गया कि अब ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) ललित मोदी की गर्दन दबोच कर उन्हें भारत की जेल में डाल देंगी। लेकिन आज 16 साल बीत जाने के बाद हकीकत क्या निकली? जिस ईडी की रफ्तार विपक्षी नेताओं के घर छापे मारने और बिना सबूत महीनों जेल में रखने के लिए बुलेट ट्रेन से भी तेज चलती है, उसी ईडी और सरकारी तंत्र ने 16 सालों में ललित मोदी के खिलाफ अदालत में एक चार्जशीट तक फाइल नहीं की!
इससे भी बड़ा खुलासा ललित मोदी ने कल टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए अपने इंटरव्यू में किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि भारत सरकार की तरफ से ब्रिटेन में उनके खिलाफ प्रत्यर्पण की कोई अर्जी तक लंबित नहीं है! इतना ही नहीं, जिस वानुअतु देश के पासपोर्ट को रद्द करवाने का ढोल पिछले साल हमारे दरबारी मीडिया ने मोदी सरकार की बड़ी कूटनीतिक जीत बताकर पीटा था, ललित मोदी ने उसे भी फेक न्यूज करार देते हुए बताया है कि आज भी उनके पास ब्रिटेन और वानुअतु—दोनों देशों के पासपोर्ट सुरक्षित हैं! और तो और, इसी साल जुलाई 2026 में अपीलीय न्यायाधिकरण ने भी 2009 के आईपीएल फेमा मामले में ईडी की मुख्य दलीलों को खारिज करते हुए ललित मोदी पर लगे जुर्माने को रद्द कर दिया।
अब देश की जनता के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब किसी भारतीय अदालत में चार्जशीट ही दाखिल नहीं हुई, जब कोई आपराधिक मुकदमा ही नहीं चला और जब ब्रिटेन की सरकार से प्रत्यर्पण की कोई कानूनी मांग ही नहीं की गई—तो फिर पिछले एक दशक से नरेंद्र मोदी सरकार किस बूते ललित मोदी को भारत वापस लाने की लफ्फाजी कर रही थी?
दरअसल, यह पूरा खेल अंदर से दोस्ती और बाहर से कुश्ती का रहा है। इंटरपोल ने भी 2017 में ललित मोदी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने से इसीलिए इनकार कर दिया था क्योंकि भारतीय एजेंसियां उनके खिलाफ ठोस अदालती सबूत और चार्जशीट पेश ही नहीं कर पाईं। जब जांच एजेंसियों को अपने ही खास लोगों को बचाने के लिए केस कमजोर करने का अघोषित टास्क दे दिया जाए, तो ललित मोदी जैसे लोग लंदन में बैठकर ऐसे ही सिस्टम का मजाक उड़ाते हैं। आम आदमी के लिए कानून का हथौड़ा और ललित मोदी के लिए बिना चार्जशीट का सेफ पैसेज—यही आज के नए भारत के जीरो टॉलरेंस की असली और नंगी तस्वीर है!
#ललितमोदी
#भारत
#ब्रिटेन
#भगोड़ा
Comments