दोस्तों, मैं अतुल्य!
अब तक आप सबसे अपने टेडी दोस्तों के माध्यम से बातें करता रहा हूँ, लेकिन आज अपनी कुछ बातें स्वयं आपसे साझा करने यहाँ आया हूँ।
मेरे पास अक्सर सुझाव आते हैं कि मैं अपनी आवाज़ में बोलकर लाइव वीडियो बनाऊँ। कुछ लोग यह भी पूछते हैं कि मैंने अपनी बात कहने के लिए टेडी को ही क्यों चुना?
इसका जवाब देने के लिए हमें थोड़ा पीछे जाना होगा।
दोस्तों, साल 2019 में मुझे ओरल कैंसर हुआ। उसके बाद ऑपरेशन और इलाज की प्रक्रिया के दौरान मेरी आवाज़ भी चली गई। उस समय लगा था कि शायद अब सब खत्म हो गया। लेकिन मैंने न तो उम्मीद छोड़ी और न ही बीमारी को खुद पर हावी होने दिया।
करीब तीन-चार महीने बाद आवाज़ वापस तो आई, लेकिन बहुत कमजोर और खरखराहट के साथ। यानी उसकी गुणवत्ता पहले जैसी नहीं रही। चेहरे पर भी काफी बदलाव आ चुका था। हालाँकि, प्लास्टिक सर्जन ने बहुत अच्छा काम किया था, लेकिन अपने पुराने चेहरे और आवाज़ को खोने का एहसास कहीं न कहीं मुझे भीतर से बदल चुका था।
इसके बाद अपनी तस्वीरें साझा करने, वीडियो बनाने या किसी वीडियो में अपनी आवाज़ देने की इच्छा ही धीरे-धीरे कम होती चली गई।
तो दोस्तों, यही वह वजह है कि मुझे अपनी बात आप तक पहुँचाने के लिए अपने टेडी दोस्तों को सामने लाना पड़ा।
टेडी को चुनने की एक वजह यह भी है कि मैं लंबे समय से साहित्यिक समीक्षाओं के क्षेत्र में सक्रिय रहा हूँ। अब तक लगभग 300 पुस्तकों की समीक्षाएँ लिख चुका हूँ। लेकिन साहित्यिक समीक्षा का अपना एक दायरा होता है। उसमें आप किसी रचना पर अपनी प्रतिक्रिया और विचार तो रखते हैं, लेकिन जीवन के दूसरे रंगों, उसकी छोटी-छोटी खुशियों, हास्य और सकारात्मकता को उस तरह व्यक्त करने का अवसर कम ही मिलता है।
इसलिए टेडी मेरे लिए एक नया माध्यम बनकर आए। इनके जरिए मैं जीवन को हँसते-मुस्कुराते हुए देखने, जिंदादिली बनाए रखने और हर परिस्थिति में आगे बढ़ते रहने के अपने विश्वास को साझा कर पाता हूँ।
साहित्यिक समीक्षाएँ आज भी मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और अपना स्थान बनाए हुए हैं। Teddy Tales मेरे जीवन का एक नया अध्याय है, जहाँ मैं जिंदगी के प्रति अपने उत्साह, उमंग और जिंदादिली को एक अलग अंदाज़ में जी और बाँट रहा हूँ।
क्योंकि मेरा मानना है कि जिंदगी में परिस्थितियाँ बदल सकती हैं, लेकिन जीने का उत्साह और कुछ नया करने का जज़्बा कभी कम नहीं होना चाहिए।
एक बात और स्पष्ट करना चाहूँगा—इस पोस्ट को साझा करने का मेरा उद्देश्य किसी की सहानुभूति या सांत्वना पाना बिल्कुल नहीं है। मैं अपने जीवन की एक सच्चाई आपसे साझा कर रहा हूँ, ताकि आप मेरे और मेरे Teddy Tales के पीछे की कहानी को समझ सकें। मैं आज भी उसी उत्साह और जिंदादिली के साथ जीवन को जी रहा हूँ और आगे भी कुछ नया करने का जज़्बा रखता हूँ। बस, चाहता हूँ कि आप मेरी इस नई यात्रा के सहभागी बनें।
मैं अपनी बीमारी की पहचान से नहीं, बल्कि अपने जीने के अंदाज़ से पहचाना जाना चाहता हूँ।
आप सबका स्नेह और साथ यूँ ही बना रहे। ❤️
#अतुल्यकीकहानी #जीनेकीजिद
#जिंदादिली #हौसलोंकीउड़ान #सकारात्मकसोच #कैंसरसेमेरीजंग #नईशुरुआत #जीवनकाउत्सव #AtulyasTeddyTales
Comments